राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर की ओर से उप-निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुन: परीक्षा-2021 (गृह विभाग) रविवार को टोंक जिला मुख्यालय पर 16 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा में 7 हजार 217 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पारी में सामान्य हिंदी का पेपर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पारी में सामान्य ज्ञान व सामान्य विज्ञान का पेपर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगा। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश को लेकर अभ्यर्थियों को निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखना होगा। परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले तक केंद्र पर पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य रहेगा। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र का गेट बंद हो जाएगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश-पत्र के साथ आयोग के निर्देशानुसार जरूरी पहचान दस्तावेज लेकर आने होंगे। एडीएम विनोद कुमार ने बताया कि 16 केंद्रों में 4 सरकारी और 12 निजी केंद्र हैं। दोनों पारियों के लिए अलग-अलग 5-5 उपसमन्वयक, 28-28 पर्यवेक्षक और 3-3 सतर्कता दल लगाए गए हैं। हर पारी में 748 वीक्षक परीक्षा व्यवस्था संभालेंगे। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष भी निर्धारित किया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। नकल अथवा अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सतर्कता दल तैनात रहेंगे। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर आने पर आयोग के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इन 16 केंद्रों पर होगी परीक्षा : राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय गुलजार बाग, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिटी नंबर-12, राजकीय कन्या महाविद्यालय गुलजार बाग, विवेक कॉलेज डीईआईटी रोड लाहन, सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल ताल कटोरा, राजीव गांधी लॉ कॉलेज मोदी की चौकी, मदर लैंड चाइल्ड एकेडमी पुरानी टोंक, डॉ. अंबेडकर कॉलेज पंचकुइया गेट, इम्मैनुएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट सोल्जर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अभिज्ञान महाविद्यालय जेल रोड, सेंट एंसलम पब्लिक स्कूल, सेंट सोल्जर महिला महाविद्यालय, सन शाइन ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और पंडित जे.पी. उपाध्याय टीटी कॉलेज।