सीकर शहर की मुख्य सिल्वर जुबली रोड पर पुलिस‌ लाइन कट के पास एक‌‌ कंटेनर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़ दिया। हादसे में कंटेनर का टायर फट‌ गया और क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस लाइन से बजरंग कांटा और कल्याण सर्किल‌ की तरफ ट्रैफिक जाम हो गया। घटना की‌ सूचना पर कोतवाल सुनील‌ जांगिड़ बाइक से मौके पर पहुंचे और कंटेनर को हटाने‌ के लिए क्रेन बुलाई। कोतवाल‌‌ सुनील जांगिड़ ने बताया कि पीलीबंगा से गेहूं की सप्लाई लेकर सांवली रोड जा रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने पुलिस कंट्रोल रूम के सामने बने डिवाइडर को जोरदार टक्कर मारी और सड़क के दूसरी तरफ चला गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हादसे में कंटेनर चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर शराब के नशे में था। डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में चला गया कंटेनर पुलिस कंट्रोल रूम के ठीक सामने ड्राइवर कंट्रोल खो बैठा और भारी-भरकम कंटेनर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा। जोरदार आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और करीब 2 घंटे तक शहर की मैन रोड का ट्रैफिक सावधानी से निकाला गया। कंटेनर में पीलीबंगा से आए गेहूं के कट्टे सांवली रोड पर उतारे जाने थे। कंटेनर को मुख्य मार्ग से हटाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। 4 फायर ब्रिगेड, 1 एंबुलेंस को मौके पर बुलाई गई सुरक्षा और राहत कार्य के लिए 4 फायर ब्रिगेड और 1 एंबुलेंस को मौके पर तैनात किया गया। रात करीब 11 बजे क्रेन से कंटेनर को हटाकर ट्रैफिक बहाल किया गया।