सीकर‌ के जिला‌ खेल स्टेडियम में 1 से 23 अक्टूबर तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली होगी। इसमें सीकर और जयपुर जिले के करीब 13 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जयपुर आर्मी हेड क्वार्टर की ओर से आयोजित अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर सेना के अधिकारियों और जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। आर्मी‌ रिक्रूटमेंट ऑफिसर कर्नल हरीश चंद्र ने बताया- जिला खेल स्टेडियम में होने वाली भर्ती रैली में जयपुर व सीकर जिले के हर शहर, गांव-ढाणी के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। करीब 13 हजार अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए कॉल लैटर भेजे जा चुके हैं। काफी समय बाद हो रही अग्निवीर भर्ती के लिए युवा तैयारी में जुट हुए हैं। सेना भर्ती के लिए ये तैयारी जरुरी भर्ती के दौरान 400 मीटर दौड़ के लिए अभ्यर्थी को पंजों के बल दौड़ने और सांस को नियंत्रित रखते हुए लंबे कदमों के साथ दौड़ पूरी करने की तैयारी करनी चाहिए। बीम में पास होने के लिए पुशअप की तैयारी कर हाथ और सीना मजबूत करना चाहिए। टेढ़े-मेढ़े बैलेंस में बैलेंस बनाकर कदम रखने की प्रैक्टिस भी अभी से करें। लंबी कूद के लिए भी पहले से अभ्यास करना बेहतर रहता है। मेडिकल में फिट रहने के लिए खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अभ्यर्थी को कान और आंखों की जांच भी पहले ही डॉक्टर से करवा लेनी चाहिए, ताकि किसी समस्या का समय रहते पता चल सके। सीकर के करीब 35 हजार युवा तैयारी करते हैं सीकर समेत शेखावाटी के युवाओं में सेना में जाना एक परंपरा है। सेना भर्ती के लिए हर साल सीकर जिले के करीब 35 हजार युवा तैयारी करते हैं। शेखावाटी के बेटियों में भी सेना में जाने का उत्साह बढ़ा है। भर्ती से पहले तक जिला स्टेडियम में रोज 700-800 से ज्यादा युवा तैयारी करने आ रहे हैं। भर्ती में आने वाले वाले युवाओं को सुबह तड़के साढ़े 3 बजे तक एंट्री दी जाएगी जाएगा। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बताया कि 1 से 23 अक्टूबर तक होने वाली भर्ती रैली के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। पेयजल, शौचालय एवं मोबाइल टॉयलेट, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, एंबुलेंस, मेडिकल टीम, कंप्यूटर और इंटरनेट सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह उपलब्ध करवाई जाएंगी। पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के साथ लाॅ एंड ऑर्डर व ट्रैफिक मैनेजमेंट सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।