सीकर में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 8 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक को पहले तो राजस्थान पुलिस और फिर बिजली विभाग में नौकरी का झांसा दिया गया। पीड़ित युवक ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस में नौकरी के नाम पर 3 लाख लिए सीकर के जीणमाता पुलिस थाने में राजेंद्र प्रसाद महला ने सुरेश कुमार और जितेंद्र कुमार गोदारा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसमें उन्होंने बताया है कि उनका परिचित सुरेश कुमार उनके पास आया और कहा कि उसकी पुलिस विभाग में पहचान है। आरोप है कि सुरेश कुमार ने राजेंद्र से कहा कि 3 लाख रुपए दे दो, मैं तुम्हारी राजस्थान पुलिस में नौकरी लगवा दूंगा। इसके बाद राजेंद्र कुमार ने 2.67 लाख रुपए सुरेश कुमार को दे दिए थे। कुछ दिन बाद ही सुरेश कुमार वापस आया और कहा कि जिस आदमी से उसकी पहचान थी वह अब रिटायर हो गया इसलिए अब नौकरी नहीं लगवा सकता। सुरेश कुमार ने राजेंद्र को 2 लाख रुपए तो लौटा दिए और बचे हुए 67 हजार रुपए बाद में देने को कहा। बिजली विभाग में नौकरी का झांसा देकर 8 लाख वसूले 6 महीने बाद राजेंद्र ने सुरेश कुमार को पैसे लौटाने के लिए कहा तो सुरेश ने कहा कि उसका भांजा बिजली विभाग में अधिकारी है। जो कई लोगों को पहले भी नौकरी लगवा चुका है। इसके बाद सुरेश ने राजेंद्र का बिजली विभाग का फॉर्म भरवा लिया। फॉर्म भरने के बाद राजेंद्र एग्जाम भी देकर आया। इसके बाद सुरेश कुमार और जितेंद्र गोदारा ने उससे कुल 8 लाख रुपए और ले लिए। लेकिन जब रिजल्ट आया तो राजेंद्र का सिलेक्शन उसमें नहीं हुआ। राजेंद्र ने सुरेश को पैसे लौटाने के लिए कहा तो पहले वह बहाने करता रहा और बाद में पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।