सीकर में नगर परिषद चुनाव की मतगणना SK गर्ल्स कॉलेज में होगी। 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से गर्ल्स कॉलेज के 1 कमरे में 12 टेबलों पर काउंटिंग होगी। 8 बजे से ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। सबकुछ ठीक रहा तो शुरूआती 30 मिनट में पहला रूझान आ जाएगा। सीकर नगर परिषद के 64 वार्डों में 72.15 प्रतिशत मतदान हुआ। अभी इन वार्डों के 262 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद है। गर्ल्स कॉलेज में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के पास बने हॉल में काउंटिंग सीकर रिटर्निंग ऑफिसर(SDM) सुभाष चंद्र ने बताया कि सीकर में 4 डाक मत पत्र इश्यू किए गए थे, इनमें से अभी तक 1 भी डाक मतपत्र नहीं आया है। ऐसे में 8 बजे सीधे ईवीएम की मतगणना शुरू हो जाएगी। गर्ल्स कॉलेज में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के पास बने हॉल में मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि काउंटिंग हॉल में 12 टेबलों पर मतगणना होगी। हर टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर और एक काउंटिंग असिस्टेंट रहेगा। मतगणना केंद्र में सिर्फ अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। 16 राउंड में लगभग साढ़े 11 बजे तक काउंटिंग पूरी होने की उम्मीद है। कल्याण सर्किल से बजरंग कांटा तक नो व्हीकल जोन रहेगा सीकर शहर DSP नवनीत कौर ने बताया कि मतगणना के दौरान कल्याण सर्किल से बजरंग कांटा तक नो व्हीकल जोन रहेगा। 14 सितंबर को सुबह 4 बजे से काउंटिंग पूरी होने तक सिल्वर जुबली रोड पर वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही इस रोड से जुड़ी सभी गलियों में भी बैरिकेडिंग की जाएगी। लोगों को जमा नहीं होने दिया जाएगा। लॉ एंड ऑर्डर को मेंटेन करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को किसी भी प्रत्याशी को विजयी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।