सीकर में सोमवार को एक तरफ पुराने एसपी IPS प्रवीण नायक को बग्घी में बैठाकर विदाई दी गई तो दूसरी तरफ संजीव नैन ने सीकर एसपी के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही सीकर के नए एसपी संजीव नैन ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने पंचायत चुनावों की तैयारी को लेकर कहा कि आगामी समय में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर प्लानिंग के साथ काम किया जाएगा। पुराने एसपी के कामों को आगे बढ़ाएंगे नए एसपी संजीव नैन ने कहा कि पुराने एसपी के जो काम है, उन्हें आगे बढ़ाएंगे। इसके अलावा पूरी टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। सीकर शहर में बढ़ते नशे के सवाल पर एसपी ने कहा कि इस पर रोकथाम और स्टूडेंट्स को मोटिवेट करने के लिए आमजन और संस्थाओं के साथ मिलकर काम करेंगे। खाटूश्यामजी में दर्शन व्यवस्थाओं में किए थे बड़े बदलाव दरअसल, आज (सोमवार) सीकर पुलिस की ओर से पुराने एसपी प्रवीण नायक को विदाई दी गई। उन्हें बग्घी में बैठाकर ऑफिस से विदा किया गया। विदाई के दौरान कांग्रेस और भाजपा के कई नेता भी शामिल हुए। इसके अलावा शहर के अलग-अलग व्यापार मंडलों के पदाधिकारी भी पहुंचे। 21 जुलाई 2025 को प्रवीण नायक ने सीकर एसपी के तौर पर कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद उन्होंने खाटूश्यामजी में दर्शन व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव, गैंगस्टरों के लोकल गुर्गों की धरपकड़, सीकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव सहित कई काम किए। इसके अलावा पुलिस को सुझाव देने और शिकायत के लिए पेटियां भी लगाई थी। डीसीपी ट्रैफिक जयपुर के पद पर हुआ था एसपी प्रवीण नायक का ट्रांसफर बता दें कि 3 अक्टूबर को राजस्थान में जारी हुई तबादला सूची में सीकर के एसपी प्रवीण नायक का ट्रांसफर डीसीपी ट्रैफिक जयपुर कर दिया गया था। IPS संजीव नैन का ट्रांसफर DCP क्राइम से सीकर एसपी के पद पर किया गया था। आज संजीव नैन ने कार्यभार संभाला और प्रवीण नायक की विदाई हुई।