सीकर में भारतीय जनता पार्टी ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में 49 में से एक नाम पर विचाराधीन है। बाकी सभी वार्ड में प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। भाजपा ने सीकर में आईपीएस अरशद अली की पत्नी जरीना को वार्ड 47 से टिकट दिया है। वहीं वार्ड 18 से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष इंदिरा चौधरी चुनाव लड़ेंगी। पूर्व उप जिला प्रमुख को मिला टिकट भाजपा ने सीकर में जिला परिषद के वार्ड 44 से पूर्व उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल को उम्मीदवार बनाया है। ताराचंद धायल पिछली बार भाजपा के टिकट पर जीतकर उप जिला प्रमुख बने थे। इसके बाद ताराचंद धायल ने भाजपा से बागी होकर साल 2023 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। पार्टी ने तब विधानसभा टिकट नहीं दिया था तो इन्होंने पार्टी से बगावत करके निर्दलीय चुनाव लड़ा था। वे तीसरे नंबर पर रहे थे। फिर वापस पार्टी में शामिल हो गए। एडवोकेट की पत्नी को मिला टिकट सीकर में भाजपा ने जिला परिषद के वार्ड नंबर 42 से नीलम शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। नीलम शर्मा एडवोकेट संदीप दीक्षित की पत्नी है। संदीप हाल ही बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य का चुनाव लड़ चुके हैं। इससे पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से 2015-16 में सीकर लॉ कॉलेज के अध्यक्ष भी रहे हैं।