सीकर में बीएड कराने के नाम पर युवाओं से लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थाना पुलिस ने जयपुर रेंज आईजी टीम से मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस आरोपी को शनिवार शाम देहरादून से सीकर लेकर पहुंची। आरोपी 18 साल से देश की बड़ी कोचिंगों में पढ़ाकर फरारी काट रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपने परिवार और रिश्तेदारों से कांटेक्ट करना बंद कर दिया था। फरारी के दौरान ही देहरादून में मकान खरीद लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाना SHO सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि आरोपी कल्याण सिंह (56) पुत्र भूर सिंह निवासी बोरटा, जालोर को देहरादून में प्रेमनगर स्थित उसके मकान पर दबिश देकर गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए कोतवाली पुलिस और जयपुर रेंज आईजी ऑफिस की टीम ने एयरटेल फाइबर टेक्नीशियन बनकर उसके घर पर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। आरोपी कल्याण 18 साल से फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था और उस पर 35 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। जनरल एजुकेशन सेंटर के नाम से चलाता था कोचिंग दरअसल आरोपी कल्याण सिंह अपने साथी विकास सक्सेना के साथ 2007-08 में अशोक विहार में जनरल एजुकेशन सेंटर नाम से प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग चलाता था। जहां वह युवाओं को RAS, सरकारी टीचर की तैयारी करवाता था। राजस्थान में उस समय सरकारी टीचर की भर्ती निकली थी। परीक्षा में शामिल होने के लिए बीएड की डिग्री होना जरूरी थी। आरोपी कल्याण और उसका साथी विकास अपने यहां पढ़ने वाले स्टूडेंट्स से पैसे लेकर उन्हें नोएडा, गाजियाबाद से बीएड करवाते थे। युवाओं के करीब 24 लाख रुपए लेकर फरार हो गया दोनों आरोपियों ने करीब 30 स्टूडेंट्स से 70-80 हजार रुपए प्रति स्टूडेंट के हिसाब से लाखों रुपए ले लिए। लेकिन उन्हें बीएड नहीं कराई। आरोपियों के खिलाफ साल 2008 से लेकर 2013 के बीच 23 मुकदमे दर्ज हुए। आरोपी का साथी विकास 4-5 मुकदमों में गिरफ्तार हो गया। लेकिन कल्याण तभी से फरार चल रहा था। जिसे कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। आरोपी पर 35 हजार रुपए का इनाम भी घोषित हो चुका था। आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कल्याण देहरादून के प्रेम नगर में रहता है। रेंज आईजी राहुल प्रकाश और सीकर एसपी संजीव नैन के निर्देशन में जयपुर रेंज आईजी साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने सूचना को डेवलप किया। इसके बाद टीम एयरटेल फाइबर टेक्नीशियन बनकर आरोपी के घर देहरादून स्थित प्रेम नगर पहुंची। आरोपी घर पर ही मिल गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि वह इंजीनियरिंग कर चुका है। नामी कोचिंगों में पढ़ाता था पुलिस ने बताया कि सीकर में मामले दर्ज होने के बाद आरोपी ने हैदराबाद, दिल्ली सहित देश के 17 राज्यों में कई बड़ी कोचिंगों में पढ़ाकर फरारी काटी। रिजोनेंस क्लासेस, फिजिक्स वाला, एलन सहित कई कोचिंग में पढ़ाता था।