सीकर के मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जिले में सुबह से रुक-रुककर हवा चल रही है और छितराए बादल छाए हुए हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने जिले में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। विभाग ने सामान्य मौसम रहने की संभावना जताई है। रात का तापमान बढ़ा जिले के फतेहपुर में स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज सुबह का न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले 24 घंटे में सीकर में दिन-रात के तापमान में काफी बदलाव देखने को मिला है। जयपुर मौसम केंद्र के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा के अनुसार, कुछ इलाकों में 11 अक्टूबर तक हल्के बादल छाएंगे। रात का तापमान स्थिर बना रहेगा। अभी मौसम में विशेष बदलाव की कोई संभावना नहीं है। 15 अक्टूबर से रात के तापमान में गिरावट का अनुमान है। इस बीच एक वेदर डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की संभावना है।