सिरियारी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर 2 किलो 927 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। सिरियारी थानाधिकारी हुकमगिरी और जिला स्पेशल टीम प्रभारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त व नाकाबंदी कर रही थी। गश्त के दौरान बाइक को रुकवाकर उस पर सवार व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 2 किलो 927 ग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बरामद अफीम के स्रोत, गंतव्य, खरीद-फरोख्त और तस्करी के पूरे नेटवर्क (बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज) का पर्दाफाश करने के लिए उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार मामले की अग्रिम जांच सोजत रोड थानाधिकारी को सौंपी है।