सिरोही कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देश पर जिले में 7 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चल रहा है। इसका उद्देश्य सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और शहरी-ग्रामीण इलाकों को कचरा मुक्त बनाना है। रविवार को अभियान के दूसरे दिन सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में कचरा डंपिंग पॉइंट हटाए गए और नालों-सड़कों की साफ सफाई की गई। कलेक्टर तोमर ने सभी उपखंड अधिकारियों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और संबंधित विभागों को 7 दिन में सभी चिन्हित जगहों की व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान में प्रमुख सड़कों, मुख्य मार्गों, डिवाइडरों और सार्वजनिक स्थलों से कचरे के ढेर हटाए जाएंगे। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और बिक्री के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। शहरों के बाहरी इलाकों, प्रवेश मार्गों और आबादी के आसपास जमा कचरे को प्राथमिकता से हटाया जाएगा। मंडार, आबूपर्वत, आबूरोड, शिवगंज, सिरोही और पिंडवाड़ा के कई क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया।