सिरोही होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन की बैठक सोमवार को अध्यक्ष शांतिलाल माली सोलंकी की अध्यक्षता में हुई। पूर्व सभापति ताराराम माली और सचिव प्रकाश बी. माली भी मौजूद थे। बैठक में संगठन मजबूत करने, ज्यादा होटल व्यवसायियों को जोड़ने और सिरोही में पर्यटन बढ़ाने पर चर्चा हुई। दिनेश पटेल के प्रस्ताव पर सहमति बनी कि एसोसिएशन ग्रुप में सिर्फ स्थायी होटल व्यवसायियों को ही जोड़ा जाए। संगठन मंत्री सत्यजीत सिंह ने पर्यटन से जुड़े लोगों को एसोसिएशन से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने वाराखेड़ा, जवाई, पिंडवाड़ा क्षेत्र, मातरमाता, ट्रेकिंग स्थल, तेलपुर, बिजौला भागली, पावापुरी तीर्थधाम, शनैश्वर तीर्थधाम, सारणेश्वरजी, अम्बेश्वरजी, पिश्वाणियां पहाड़ी मंदिर जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों को मिलाकर पर्यटन सर्किट बनाने की बात कही। सदस्यों ने इसे स्वीकार किया। पूर्व सभापति ताराराम माली ने संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। दीपावली पर स्नेह मिलन कार्यक्रम का फैसला हुआ। उपाध्यक्ष फिरोज पठान ने सिरोही शहर को चार जोन में बांटकर जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। प्रत्येक जोन प्रभारी अपने क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ने तथा आगामी बैठकों की सूचना देने की जिम्मेदारी निभाएगा। बैठक में एसोसिएशन से जुड़ने के लिए 1,100 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। उपस्थित सदस्यों द्वारा रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा भी करवाया गया। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि सिरोही होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन को एक मजबूत, संगठित एवं प्रभावी संगठन के रूप में विकसित करने के साथ-साथ सिरोही के पर्यटन एवं होटल व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा।