सिरोही के सामाजिक कार्यकर्ता और पशु-पक्षी सेवक कपिल प्रजापत को सामाजिक सेवा तथा बेजुबान जीवों की सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए इंडिया इन्फ्लुएंसर क्रिएटर्स अवॉर्ड्स से सम्मानित किया जाएगा। 10 अक्टूबर को जयपुर में आयोजित समारोह में अभिनेत्री मन्नारा चोपड़ा सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में उन्हें सम्मानित करेंगी। यह सम्मान कपिल प्रजापत के व्यक्तिगत सेवा कार्यों के साथ-साथ एक्सपो टीम सिरोही के सालों से जारी सेवा अभियान को भी नई पहचान देगा। जरूरतमंदों से लेकर पशु-पक्षियों तक सेवा कपिल प्रजापत लंबे समय से जरूरतमंदों की सहायता, पशु-पक्षी संरक्षण, जल सेवा और जीवदया के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ एक्सपो टीम सिरोही भी लगातार सेवा गतिविधियां संचालित कर रही है। इसी सेवा कार्य के लिए मिलने वाला यह सम्मान टीम के प्रयासों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। 127 दिन तक जंगलों में जल सेवा गर्मी के दौरान एक्सपो टीम सिरोही ने पशु-पक्षियों के लिए विशेष जल सेवा अभियान चलाया। अभियान के तहत करीब 127 दिनों तक प्रतिदिन 2 से 3 पानी के टैंकर जंगल और वन क्षेत्रों में पहुंचाए गए। जंगलों में पानी के होद बनाकर बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए नियमित जल उपलब्ध कराया गया। 15 हजार से ज्यादा परिंडे वितरित टीम की ओर से अब तक 15 हजार से अधिक पानी के परिंडे भी वितरित किए जा चुके हैं। इनका उद्देश्य गर्मी के मौसम में पक्षियों को उनके आसपास ही आसानी से पानी उपलब्ध कराना है। सर्दियों में भी जरूरतमंदों की मदद एक्सपो टीम सिरोही केवल गर्मी में जल सेवा तक सीमित नहीं रही। सर्दियों के दौरान भी टीम ने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अभियान चलाए। इस दौरान जरूरतमंदों को स्वेटर, मोजे और कंबल वितरित किए गए। 2019 में शुरू हुआ सेवा अभियान एक्सपो टीम सिरोही की शुरुआत 17 जून 2019 को हुई थी। सेवा के इस सफर में टीम ने 8 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इन वर्षों में टीम मानव सेवा, पशु-पक्षी सेवा, जल सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।