सिरोही नगर परिषद सभापति चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी ऋतु जैन ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए 30 वोट हासिल किए, जबकि भाजपा प्रत्याशी पूजा माली को सिर्फ 5 मत मिले। कुल 35 पार्षदों ने मतदान किया। परिणाम के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल बन गया। चुनाव में भाजपा के 5 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग सामने आई, वहीं दो निर्दलीय पार्षदों ने भी ऋतु जैन के पक्ष में मतदान किया। नवनिर्वाचित सभापति ऋतु जैन ने अपनी जीत का श्रेय सिरोही की जनता के साथ पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को दिया। उन्होंने कहा कि सिरोही की जनता ने उन पर विश्वास जताया है। सभी पार्षद मिलकर सिरोही के विकास के लिए काम करेंगे और यही उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क और गड्ढों की समस्या सबसे पहले ऋतु जैन ने कहा कि शहर में पेयजल व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सब्जी मंडी और बेसहारा पशुओं से जुड़ी समस्याओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरोही की सबसे पुरानी समस्याओं में शामिल सड़कों और गड्ढों की समस्या का समाधान उनकी प्राथमिकता में सबसे ऊपर रहेगा। उन्होंने इसे सिर्फ अपनी जीत नहीं, बल्कि सिरोही की जनता की जीत बताया। भाजपा के 5 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग सभापति चुनाव के परिणाम में भाजपा के 5 पार्षदों की क्रॉस वोटिंग सामने आई। इसके अलावा दो निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया। इन वोटों के चलते ऋतु जैन को कुल 30 मत मिले और उन्होंने सभापति पद पर जीत दर्ज की। सुबह 10 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया सभापति चुनाव की प्रक्रिया राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के नवीन भवन में सुबह 10 बजे शुरू हुई। कांग्रेस के सभी पार्षद करीब 10 बजे विशेष वाहन से स्कूल परिसर स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। इसके बाद पार्षदों ने बारी-बारी से सभापति पद के लिए मतदान किया। 11:30 बजे मतदान केंद्र पहुंची भाजपा प्रत्याशी भाजपा प्रत्याशी पूजा माली करीब 11:30 बजे मतदान केंद्र पहुंचीं। प्रवेश से पहले उन्होंने अपना आधार कार्ड दिखाया। वहीं, दो पार्षदों के पास आधार कार्ड नहीं था। उनके मोबाइल में मौजूद आधार कार्ड देखने के बाद उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश दिया गया। स्कूल को चारों तरफ से घेर रखा था पुलिस ने मतदान को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने स्कूल भवन को चारों तरफ से घेर रखा था। मतदान केंद्र के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी रहे मौजूद चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्व विधायक संयम लोढ़ा भी कांग्रेस पार्षदों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने निर्वाचित पार्षदों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस खेमे में जश्न और उत्साह का माहौल देखने को मिला।