माय भारत सिरोही की ओर से युवाओं को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रखने के उद्देश्य से पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल कालंद्री में “नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई और मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्त भारत का संदेश दिया गया। 100 सप्ताह चलेगा अभियान उप निदेशक राजेंद्र जाखड़ ने बताया कि माय भारत की ओर से यह 100 सप्ताह का अभियान है। इसके माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वस्थ, शिक्षित, संस्कारवान और जिम्मेदार युवा पीढ़ी तैयार करना है। नशे से दूरी का दिया संदेश सहायक उप निरीक्षक दिनेश रावल ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों और इससे जुड़ी परेशानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेश देते हुए नशे से बचने के लिए जागरूक किया। अच्छी संगत और लक्ष्य पर ध्यान देने की अपील स्कूल के प्रिंसिपल अरुण सिंह ने युवाओं को अच्छी संगत अपनाने और लक्ष्य आधारित जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और सही दिशा में प्रयास से युवा अपने जीवन में सफलता हासिल कर सकते हैं। नशा छोड़ने के साथ दूसरों को भी करें प्रेरित नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र कालंद्री से नटवर सिंह ने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों व आसपास के लोगों को भी इससे बचाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। लघु नाटिका से समझाए नशे के दुष्परिणाम कार्यक्रम में युवतियों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की। इसके जरिए नशे से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान को प्रभावी तरीके से सामने रखा गया। प्रश्नोत्तरी और नाटक के विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। शपथ के साथ मानव श्रृंखला बनाई कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशे के खिलाफ शपथ ली। इसके बाद मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्त भारत का संदेश दिया गया। ये रहे मौजूद मंच का संचालन व्याख्याता राजाराम वैष्णव ने किया। इस अवसर पर समाजसेवी महेंद्र सिंह, हीरा राम माली, कांस्टेबल भीकाराम, स्वयंसेवक राजू सुथार सहित स्कूल का स्टाफ और युवा मौजूद रहे।