पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल सिरोही में ब्लॉक स्तरीय प्रबल कार्यक्रम उत्साह के साथ हुआ। इसमें ब्लॉक के 24 स्कूलां से 46 छात्र-छात्राओं ने प्रबल कार्यक्रम की थीम पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में सीबीईओ रतीराम प्रजापत, यूसीईओ आशुतोष व्यास, आरपी कल्पेश कुमार और उप प्रधानाचार्य सुमन कुमारी शामिल हुए। अतिथियों ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। सीबीईओ रतीराम प्रजापत ने कौशल विकास के महत्व पर बात की। यूसीईओ आशुतोष व्यास ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और टेक्नोलॉजी के फायदे व चुनौतियों के बारे में बताया। प्रतियोगिता के निर्णायक रामावतार, कमलेश डाबी और तृप्ति डाबी रहे। प्रतियोगिता में देवी कुमारी खीमाराम (कृष्णगंज) ने पहला, शिवानी कुमारी दिनेश कुमार (मोहब्बत नगर) ने दूसरा और रूपल कुंवर भरत सिंह ने तीसरा स्थान पाया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी शिक्षकों को भी स्मृति चिन्ह देकर धन्यवाद दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल परिवार का खास योगदान रहा। बाद में सभी प्रतिभागियों और अतिथियों के लिए भोजन का इंतजाम किया गया।