पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की साजिश की जांच में नया मोड़ सामने आया है। लॉरेंस गैंग के शूटरों का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें वे सिरोही के एक हीरो शोरूम से बाइक खरीदते और बाद में पेट्रोल भरवाते नजर आ रहे हैं। जांच के अनुसार, नेपाल से आए जसकरण और राजेंद्र ने इसी बाइक का इस्तेमाल सिरोही में फार्महाउस की रेकी के लिए किया था। अब एजीटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक किसके नाम पर खरीदी गई और शोरूम में शूटरों के साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे। शोरूम में पहुंचे, नकद दिए 84 हजार हीरो शोरूम प्रबंधक मकसूद अली के अनुसार, शूटरों ने 84 हजार रुपए नकद देकर स्प्लेंडर बाइक खरीदी थी। उन्होंने बाइक का रजिस्ट्रेशन हरियाणा में कराने की बात कही थी। इसके लिए उन्होंने बताया था कि उनका आधार कार्ड हरियाणा का है। पुलिस ने शोरूम प्रबंधन से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज के साथ आधार कार्ड और पैन कार्ड की कॉपी भी ली है। CCTV में बाइक खरीदने से पेट्रोल भरवाने तक की तस्वीरें सामने आए सीसीटीवी फुटेज में शूटर बाइक खरीदने के लिए शोरूम में आते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे बाइक लेकर पेट्रोल पंप पर भी पहुंचे। यह फुटेज अब जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इससे पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रेकी के दौरान शूटर किन लोगों के संपर्क में थे और बाइक का इस्तेमाल किस तरह किया गया। नेपाल से आए थे जसकरण और राजेंद्र एडीजी दिनेश एमएन ने बताया था कि नेपाल से आए जसकरण और राजेंद्र ने सिरोही में फार्महाउस की रेकी की थी। इसी दौरान रेकी के लिए सिरोही से बाइक खरीदे जाने की बात सामने आई है। एजीटीएफ अब बाइक की खरीद से जुड़े दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। जोधपुर एयरपोर्ट थाना कर रहा मामले की जांच सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मामले की जांच जोधपुर के एयरपोर्ट पुलिस थाना में चल रही है। पुलिस और एजीटीएफ बाइक की खरीद, शोरूम में मौजूद लोगों और शूटरों की गतिविधियों से जुड़े अन्य सुरागों की पड़ताल कर रही है।