सिरोही जिले के नए एसपी डॉ. अजय सिंह राठौड़ ने सोमवार को कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के साथ स्थानीय समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। एसपी ने बताया कि सिरोही आदिवासी बहुल जिला है, जहां नशे की समस्याएं ज्यादा हैं। शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए जल्द ही हेल्पलाइन नंबर शुरू होगा, जिस पर मिली सूचना पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के कारोबार या गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। एसपी ने आज से ही जिले का दौरा शुरू किया है, ताकि पुलिसिंग को और बेहतर बनाया जा सके। आगामी चुनावों को लेकर एसपी ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता है। भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार मतदान होगा। सभी के सहयोग से जिले में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जाएगा।