सिरोही नगरीय निकाय चुनाव 2026 के तहत जिले के नगर परिषद और नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान होगा। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा और मतदान समाप्त होते ही उसी दिन मतगणना शुरू कर दी जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए जिले के छह निकायों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने 15 सितंबर को चुनाव कार्यक्रम की जानकारी जारी की थी। सिरोही में यहां होगा मतदान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद सिरोही के अध्यक्ष पद के लिए मतदान राउमावि नवीन भवन सिरोही में कराया जाएगा। वहीं आबूरोड, पिंडवाड़ा, आबू पर्वत, शिवगंज और मंडार नगर पालिकाओं के लिए मतदान संबंधित नगर पालिका कार्यालय परिसर में होगा। छह निकायों में आमने-सामने मुकाबला अध्यक्ष पद के लिए विभिन्न निकायों में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में सिरोही नगर परिषद से भाजपा की पूजा माली और कांग्रेस की रितु जैन मैदान में हैं। आबूरोड नगर पालिका से भाजपा की भावना अग्रवाल और कांग्रेस की शोभा के बीच मुकाबला होगा। पिंडवाड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के अचल सिंह और भाजपा के राकेश कुमार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। आबू पर्वत में कांग्रेस के यश और भाजपा के सुनील आचार्य आमने-सामने हैं। शिवगंज नगर पालिका में भाजपा के कुंदनमल और कांग्रेस के राजेश कुमार के बीच मुकाबला है। वहीं मंडार नगर पालिका में कांग्रेस के मफत लाल बुनकर और भाजपा के प्रागाराम अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का चुनाव अध्यक्ष पद के चुनाव के अगले दिन 22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक जमा किए जा सकेंगे, जबकि नामांकन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे से होगी। उम्मीदवार दोपहर 2 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।