जयपुर में शादी से मना करने पर रिश्तेदार ने युवती को गोली मार दी। युवती की चचेरी बहन का देवर एक साल से शादी का दबाव बना रहा था। रात में युवती के कमरे पर पहुंचा और शादी करने के लिया कहा। मना करने पर युवती के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो युवती कमरे में लहूलुहान हालत में पड़ी थी। पड़ोसियों युवती की मां और भाई को घटना के बारे में बताया। परिजनों ने युवती को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना सीतापुरा इलाके की बुधवार रात साढ़े 10 बजे की है। घटना के दौरान युवती फ्लैट में अकेली थी। मां और भाई दुकान पर गए हुए थे। युवती भरतपुर जिले की रहने वाली है। मां और भाई के साथ सीतापुरा क्षेत्र में रहकर कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही है। सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने फ्लैट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले। बाइक पर हेलमेट लगाकर पहुंचा युवक सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया- प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। गोली मारने वाला आरोपी युवक धौलपुर जिले का रहने वाला है। एक साल से शादी के लिए दबाव बना रहा था। लेकिन युवती शादी नहीं करना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। 15 दिन पहले युवती की मां लड़के के घर जाकर इस बात की पुष्टि करके आई थी, कि भविष्य में आरोपी युवक लड़की को परेशान नहीं करेगा और ना ही शादी करने के लिए दबाव बनाएगा। इसके बाद भी बुधवार शाम को युवक हेलमेट लगाकर बाइक से आया। सीधे युवती के फ्लैट पर पहुंचा और उसके सीने में गोली मार दी। आरोपी लगातार बना रहा था शादी का दबाव युवती की मां ने सांगानेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसमें बताया कि मैं भरतपुर जिले की रहने वाली हूं। सीतापुरा में अपनी बेटी और बेटे के साथ किराए के फ्लैट में रहती हूं। फ्लैट से कुछ दूरी पर मेरी थड़ी है। मेरी बेटी पिछले तीन महीने से मेरे ही साथ रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। हमारी रिश्तेदारी में पड़ने वाला युवक एक साल से मेरी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था, शादी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। 15 दिन पहले आकाश मेरे किराए के कमरे पर आया और मेरी बेटी के साथ बदतमीजी की, जिसकी शिकायत हमने उसके घर वालों से भी की थी। पीड़िता की मां ने आगे बताया कि 26 अगस्त (बुधवार) शाम करीब 6.30 बजे मैं और मेरा बेटा दुकान पर थे। मेरी बेटी अकेली ही घर पर थी, उस समय कमरे का दरवाजा खुला था। तभी आरोपी युवक कमरे में आया और मेरी बेटी के सीने में गोली मारकर, फरार हो गया। ------------ ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में चाकू घोंपकर युवक की हत्या:झगड़े के बाद राजीनामे के लिए मिलने गया था, हिस्ट्रीशीटर समेत 3 गिरफ्तार जयपुर के विद्याधरनगर में आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर सोमवार को देर रात साढ़े 11 बजे चाकूबाजी में एक युवक शाकिर (22) की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक शाकिर के 10 दिन पहले ही बेटा हुआ था। (पूरी खबर पढ़ें…)