भास्कर न्यूज | सवाईमाधोपुर खेरदा स्थित लवकुश कॉलोनी में पिछले करीब 10 दिन से नलों में मटमैला और बदबूदार पानी सप्लाई होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि मामले की शिकायत जलदाय विभाग के अधिकारियों से करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मीनाक्षी आर्य ने बताया कि जलदाय विभाग की ओर से रेलवे लाइन के पास लगी बोरिंग से कॉलोनी में पानी की सप्लाई की जाती है। पिछले करीब 10 दिन से इस बोरिंग से आने वाला पानी मटमैला होने के साथ बदबूदार भी है। ऐसे में पानी पीने और घरेलू उपयोग में लेने में लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने विभाग के सहायक अभियंता को भी फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। लोगों ने जलदाय विभाग से स्वच्छ पेयजल की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।