जयपुर में सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) में नियुक्त अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. सतीश वर्मा के अधिकारों में आखिरकार अधीक्षक ने कटौती कर दी। कॉन्ट्रेक्ट पर लगे कर्मचारियों की लगातार मिल रही शिकायतों और हॉस्पिटल के किचन में हो रही अनियमितताओं की शिकायत के बाद डॉ. वर्मा को आवंटित प्रमुख कामों को अधीक्षक ने दूसरे डॉक्टरों को आवंटित कर दिया। SMS हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बुधवार को आदेश जारी करके बायोकेमिस्ट्री विभाग के HOD डॉ. हरजीत सिंह को SMS हॉस्पिटल के कार्यालयाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। जबकि आर्थोपेडिक विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजकुमार हर्षवाल को अतिरिक्त चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, मेडिकल स्टोर का जिम्मा दिया है। इसी तरह मेडिसिन विभाग के प्रधान विशेषज्ञ डॉ. अरविंद पालावत को आहरण और वितरण अधिकारी, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शर्मा को ठेका शाखा और फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के सह-आचार्य डॉ. ज्ञान प्रकाश गौड़ को स्टेशनरी स्टोर और ईएनबीवीआरएक्यू की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले ये सभी जिम्मेदारी अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. सतीश वर्मा के पास थी।