जिले में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह मनाया जाएगा। सप्ताह के दौरान अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, विशेष योग्यजन, महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों के खिलाफ जनचेतना जागृत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। कलेक्टर टीना डाबी ने बताया कि 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मार्थ सेवा संस्थान वृद्धाश्रम, इंद्रा कॉलोनी, निवाई में कार्यक्रम होगा। 2 अक्टूबर को अनुसूचित जाति कल्याण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क तथा ब्लॉक स्तर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। जिला मुख्यालय पर अनुसूचित जाति बहुल बस्तियों में साफ-सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। 3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस के तहत जिला कारागृह, टोंक में कार्यक्रम होगा। 4 अक्टूबर को बाल दिवस के अवसर पर राजकीय किशोर गृह, शिशुगृह तथा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 अक्टूबर को महिला एवं बालिका कल्याण दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग के ब्लॉक कार्यालयों में कार्यक्रम होंगे। राजकीय अनुसूचित जाति बालिका आवासीय विद्यालय, वजीरपुरा तथा राजकीय देवनारायण कन्या आवासीय विद्यालय, यूसुफपुरा में भी कार्यक्रम होंगे। इसी तरह 6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस पर राजकीय बालिका आवासीय विद्यालय, वजीरपुरा व यूसुफपुरा तथा श्रम विभाग, महादेवाली में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस पर समाज कल्याण सप्ताह का समापन योगेश विशेष विद्यालय, इंद्रा कॉलोनी, निवाई में होगा।