कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन से 22 सितंबर को शाम 7 बजे जगन्नाथपुरी-कोणार्क के लिए विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन रवाना होगी। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत होने वाली इस यात्रा में बूंदी के 100, बारां के 100 और झालावाड़ के 108 समेत कुल 308 चयनित वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे। ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से सवाई माधोपुर और सोगरिया होते हुए जगन्नाथपुरी-कोणार्क जाएगी। झालावाड़ के यात्रियों को दोपहर 12 बजे पहुंचना होगा झालावाड़ जिले से चयनित यात्रियों को 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे सोगरिया रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा। यहां यात्रा से संबंधित जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी, ताकि ट्रेन के निर्धारित समय पर रवाना होने में किसी तरह की परेशानी न हो। जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे आवेदन पत्र की कॉपी, डॉक्टर का सर्टिफिकेट, जन आधार या आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे। इसके साथ ही रोजाना उपयोग का सामान, आवश्यक दवाएं, पर्याप्त कपड़े और व्यक्तिगत खर्च के लिए पर्याप्त नकदी रखने की सलाह दी गई है। ट्रेन में डॉक्टर और नर्स भी रहेंगे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष ट्रेन में एक यात्रा प्रभारी और प्रत्येक डिब्बे में दो सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए ट्रेन में एक डॉक्टर और दो नर्स भी मौजूद रहेंगी। आठ दिन तक भोजन और ठहरने की व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से यात्रा के दौरान आठ दिनों तक यात्रियों के ठहरने, भोजन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह तीर्थ यात्रा पूरी तरह निशुल्क रहेगी।