सकतपुर| कस्बे सहित नदीपार क्षेत्र के गांवों में करीब डेढ़ दशक पहले पंचायत प्रशासन ने सौर ऊर्जा लाइटें लगवाई थीं। रात में रोशनी के लिए लाखों रुपए खर्च किए गए थे। ये स्वचलित सौर लाइटें कुछ माह चलीं। फिर खराब हो गईं। तब से अब तक लाइटें बंद पड़ी हैं। कई जगह सोलर पैनल, बैट्री गायब हो गए। कई स्थानों से सौर लाइटें ही गायब हो गईं। पंचायत प्रशासन ने अब तक खराब लाइटें ठीक नहीं करवाईं। अब सौर लाइटों के पोल बैनर, होर्डिंग लगाने के काम आ रहे हैं। लाइटें बंद होने से रात में गांवों के आम रास्तों पर अंधेरा रहता है। ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से सौर लाइटें जल्द ठीक कराने की मांग की है।