सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' का आज दिल्ली के होटल मौर्या में आधिकारिक विमोचन होने जा रहा है। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में राजनीतिक गलियारों की कई दिग्गज हस्तियां और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

इस समारोह में कांग्रेस शासित राज्यों केरल, तेलंगाना और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। खबरों के अनुसार, राहुल गांधी ने स्वयं फोन करके मुख्यमंत्री विजय को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया था। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की सोनिया गांधी के साथ यह दूसरी मुलाकात होगी। इससे पहले जून में वे नीति आयोग की बैठक के दौरान 10 जनपथ पर उनसे मिले थे।

किताब में सोनिया गांधी का व्यक्तिगत सफर

सोनिया गांधी की यह किताब 544 पन्नों की है। उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा के अनुसार, इस किताब को लिखने में पूरे 12 साल का समय लगा है। इसमें सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन से लेकर, 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, भारत आगमन, हिंदी भाषा सीखने का संघर्ष और राजीव गांधी की हत्या के बाद राजनीति में आने तक के सफर को काफी करीब से दिखाया गया है। साथ ही, उन्होंने 2004 में प्रधानमंत्री पद को अस्वीकार करने जैसे अहम फैसलों पर भी प्रकाश डाला है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा

यह कार्यक्रम केवल किताब विमोचन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। चर्चा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच मेकेदातु बांध परियोजना को लेकर चर्चा हो सकती है। मेकेदातु बांध को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। हालांकि, तमिलनाडु की टीवीके पार्टी के सूत्रों का कहना है कि विजय का फिलहाल किताब लॉन्च के अलावा कोई और आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं है।

गौरतलब है कि 10 नवंबर को रिलीज हुई इस किताब में सोनिया गांधी ने इमरजेंसी को एक 'गलती' बताया था और कहा था कि इंदिरा गांधी भी बाद में ऐसा ही महसूस करती थीं। इसके अलावा उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों को भी एक 'शर्मनाक अध्याय' करार दिया था। आज के कार्यक्रम में भी लेखिका के तौर पर उनके संबोधन पर सबकी निगाहें रहेंगी।