कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के इटली स्थित पुश्तैनी घर को अब उनके जीवन पर आधारित एक म्यूजियम के रूप में संरक्षित किया गया है। घर के मालिक सुखदेव सिंह कांग ने 22 नवंबर को अमृतसर में यह जानकारी दी। उन्होंने सोनिया गांधी और उनके परिवार को इस ऐतिहासिक स्थान पर आने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है।

पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र

कांग ने बताया कि यह घर अब पर्यटकों के लिए खुला है। पहले यह घर बंद रहता था और चाबियां परिवार के पास ही रहती थीं, लेकिन अब वहां एक महिला केयरटेकर की नियुक्ति की गई है, जिससे सैलानियों को आसानी से प्रवेश मिल सके। उन्होंने बताया कि भारत से, विशेषकर केरल से आने वाले पर्यटक अक्सर इस जगह को देखने आते हैं और तस्वीरें लेते हैं।

म्यूजियम में क्या होगा खास?

इस संपत्ति को सोनिया गांधी के जीवन के सफर को दर्शाने वाले एक म्यूजियम के रूप में विकसित किया गया है। इसमें इटली के उनके शुरुआती दिनों से लेकर भारत में उनके राजनीतिक सफर तक की कहानी को दिखाया जाएगा। कांग ने कहा, 'गांधी परिवार जो भी वस्तुएं या यादें यहां रखना चाहेगा, उन्हें म्यूजियम में जगह दी जाएगी। यह म्यूजियम पूरी तरह से सोनिया गांधी को समर्पित है और उनकी यादों को संजोने का प्रयास है।'

स्थानीय लोगों के लिए गर्व का विषय

घर के मालिक ने कहा कि एक साधारण से घर में जन्मी सोनिया गांधी का भारत जैसे बड़े देश में शीर्ष पदों तक पहुंचना न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने कहा, 'उनकी मेहनत और साधारण शुरुआत से लेकर ऊंचाइयों तक का सफर प्रेरणादायक है। हम इस संदेश के जरिए परिवार तक पहुंचना चाहते हैं कि वे एक बार जरूर यहां आएं।'