भरतपुर| हरियाणा और यूपी से होने वाली शराब की तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त कदम उठाना तय किया है। इसके लिए विशेष निरोधात्मक अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 20 अक्टूबर तक चलेगा। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने इसके लिए आदेश जारी कर विशेष आबकारी निरोधक गश्ती दलों का गठन कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी इन टीमों को 5-5 होमगार्ड जवान उपलब्ध करवाएंगे। सभी गश्ती दल स्थानीय जिला आबकारी अधिकारी के सीधे निर्देशन में काम करेंगे और उन्हें हर दिन की कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्यालय भेजनी होगी।