बालोतरा | नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विशेष योग्यजनों की ओर से स्कूटी रैली निकालकर आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। रैली के माध्यम से विशेष योग्यजनों ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश देते हुए सभी मतदाताओं से मतदान दिवस पर बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। कलेक्टर कार्यालय से जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी घेवरचंद प्रजापत ने हरी झंडी दिखाकर स्कूटी रैली को रवाना किया। रैली में शामिल विशेष योग्यजन स्कूटी पर वोट लिखे संदेशों के साथ शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों एवं वार्डों से गुजरे। इस दौरान उन्होंने हाथों में मतदान जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर आमजन का ध्यान आकर्षित किया और शत-प्रतिशत मतदान का संदेश प्रसारित किया। रैली के दौरान विशेष योग्यजनों ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने, बिना किसी प्रलोभन के निर्भीक होकर मतदान करने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। विशेष योग्यजनों की इस पहल ने यह संदेश दिया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी भी है।