दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर होने वाले प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई सामने आई है। पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोकने के लिए प्रदेशभर में पुलिस की ओर से निगरानी और पूछताछ की जा रही है। श्रीगंगानगर में भी गुरुवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई की। श्रीगंगानगर में पुलिस CJP से जुड़े यश गोयल के पी-ब्लॉक स्थित निवास पर पहुंची और उन्हें डिटेन कर दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नहीं जाने को कहा। इसके अलावा शहर से जितेंद्र और भाटी सहित कई कार्यकर्ताओं के घर पुलिस गई। वहीं, मुकलावा थाना क्षेत्र में भी एक युवक को डिटेन किया गया। एक अन्य युवक का पूरा पता नहीं मिलने के कारण पुलिस उस तक नहीं पहुंच सकी। यश गोयल बोले- घरों में बंधक बना रही पुलिस यश गोयल ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर नजर रख रही है और उन्हें प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र और आजादी पर हमला है। संविधान में हर व्यक्ति को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन पुलिस कार्यकर्ताओं को उनके घरों में बंधक बनाने जैसा व्यवहार कर रही है। एडिशनल एसपी कर रहे मॉनिटरिंग जानकारी के अनुसार- एडिशनल एसपी दीपक शर्मा की मॉनिटरिंग में पुलिस की सीआईडी शाखा ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। पुलिस की ओर से संबंधित युवाओं के नाम दिल्ली भी भेजे गए हैं। इन युवाओं का दिल्ली में संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। हालांकि, वे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा पाएंगे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। एडिशनल एसपी बोले- किसी को डिटेन नहीं किया वहीं, एडिशनल एसपी दीपक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घर-घर जाकर CJP के कार्यकर्ताओं से समझाइश की है। फिलहाल कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में जाने की परमिशन नहीं है। उन्होंने किसी को डिटेन किए जाने से इनकार किया। शर्मा ने यह भी कहा कि श्रीगंगानगर जिले में अभी तक CJP की कोई कार्यकारिणी सामने नहीं आई है। श्रीगंगानगर आने-जाने वाली 3 ट्रेनें रद्द 14727 श्रीगंगानगर–तिलकब्रिज: 9 अक्टूबर को श्रीगंगानगर से रवाना होने वाली ट्रेन रद्द रहेगी। 14728 तिलकब्रिज–श्रीगंगानगर: 10 अक्टूबर को तिलकब्रिज से रवाना होने वाली ट्रेन रद्द रहेगी। 15308 सिरसा–तिलकब्रिज: 10 अक्टूबर को सिरसा से रवाना होने वाली ट्रेन रद्द रहेगी।