श्रीगंगानगर के पदमपुर के हरमनदीप सिंह से कनाडा का PR वीजा लगवाने के नाम पर 18.22 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मेपल एजुकेशन कंसल्टेंसी सर्विसेज के संचालकों पर धोखाधड़ी और फर्जी स्टेट नॉमिनेशन दिखाकर पैसे ऐंठने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद वीजा न मिलने और पैसे मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली फिलहाल पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीआर वीजा लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी पदमपुर के चक 2-पीएस के रहने वाले हरमनदीप सिंह गिल ने बताया- वह कनाडा जाने का इच्छुक था और उसका IELTS स्कोर भी पूरा था। 2023 में वह मुखर्जी नगर स्थित मेपल एजुकेशन कंसल्टेंसी सर्विसेज के ऑफिस पहुंचा। यहां अमनदीप सिंह और उसकी पत्नी परविन्दर कौर से संपर्क हुआ। दोनों ने शिकायतकर्ता को कनाडा का पीआर वीजा लगवाने और विदेश भेजने का भरोसा दिया गया और 32 लाख खर्च बताया। 29 अगस्त 2023 को 32 लाख रुपए में बात तय होने के बाद 3 लाख रुपए कैश दिए गए। बाकी पैसे स्टेट नॉमिनेशन और कनाडा वीजा आने के बाद देने की बात कही गई। इसके बाद शिकायतकर्ता से पैसे भी लिए गए। साथ ही 11 मार्च 2024 को उसे स्टेट नॉमिनेशन का डॉक्यूमेंट दिखाकर 13 लाख रुपए जमा कराने को कहा गया। 20 मार्च 2024 को बाकी 3 लाख रुपए जमा कराने के लिए युवक को मलोट स्थित ब्रांच ऑफिस भेजा गया। वहां मलकीत सिंह और राजविन्द्र सिंह मिले और उन्हें 3 लाख रुपए दे दिए। इस तरह टोटल 18.22 लाख रुपए आरोपियों ने ले लिए। वीजा मांगने पर जान से मारने की धमकी काफी समय बीतने के बाद भी हरमनदीप का वीजा नहीं आया। बार-बार संपर्क करने पर उसे जल्द वीजा आने का भरोसा दिया जाता रहा। बाद में पता चला कि आरोपियों ने वीजा की फाइल ही नहीं लगाई थी। जिसके बाद हरमनदीप ने अपने पैसे वापस मांगे। जिसपर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और पैसे लौटाने से मना कर दिया। मामले में पुलिस कर रही जांच हरमनदीप को वीजा नहीं मिलने और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद में उन्होंने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करवाई। शुक्रवार शाम को कंप्लेट होने के बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है।