आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए रेलवे के जरिए यात्रियों की सुविधा के लिए श्रीगंगानगर-समस्तीपुर-श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 7-7 चक्कर लगाएगी। इससे श्रीगंगानगर और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को रेल सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04731 श्रीगंगानगर-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 18 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन श्रीगंगानगर से हर रविवार दोपहर 1:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:15 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। वापसी में मंगलवार को चलेगी ट्रेन गाड़ी संख्या 04732 समस्तीपुर-श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 20 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। यह ट्रेन हर मंगलवार रात 12:45 बजे समस्तीपुर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:20 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में सादुलशहर, हनुमानगढ़, संगरिया, मंडी डबवाली, रामा, सिरसा, मंडी आदमपुर, हिसार, हांसी, रोहतक, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। 20 डिब्बों की होगी ट्रेन रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में 1 सेकेंड एसी, 2 थर्ड एसी, 11 सेकेंड स्लीपर, 4 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे सहित कुल 20 डिब्बे होंगे।