वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से रविवार को श्रीगंगानगर जिले में बारिश हुई। इसके बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। सुबह और शाम गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है और लोग सुबह गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक जिले में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। तीन दिन में बदला मौसम का मिजाज मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री रहा। वहीं, शनिवार को न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में 4.3 डिग्री की गिरावट आई। मौसम में लगातार बदलाव के कारण सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है। 15 अक्टूबर तक आंधी-बारिश का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने 15 अक्टूबर तक जिले में आंधी और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, एक नवंबर से क्षेत्र में तेज ठंड और कोहरे का असर दिखाई देने की संभावना जताई गई है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ सकता है। बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी जिले में इन दिनों नरमा चुगाई और फसल कटाई का सीजन पीक पर है। ऐसे में बारिश और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, अभी तक कृषि विभाग की ओर से फसल खराबे से संबंधित आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।