श्रीगंगानगर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार को हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है और सुबह-शाम ठंडक महसूस होने लगी है। हालांकि दोपहर में अभी हल्की गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है और दीपावली के आसपास ठंड का असर पूरी तरह बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रिकॉर्ड मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री और अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज हुआ था। इससे एक दिन पहले रविवार को न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। दो दिन में 3.5 डिग्री गिरा दिन का तापमान रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान में करीब 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव आया है। इसके बाद सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है, जबकि दोपहर में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है। अगले 3-4 दिन में और गिरेगा तापमान मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में जिले के दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। दीपावली के आसपास ठंड पूरी तरह दस्तक देने के आसार हैं। हालांकि दिन के समय धूप निकलने पर गर्मी का हल्का प्रभाव बना रह सकता है।