भैंसरोडगढ़ के पास श्रीपुरा गांव में ब्राह्मणी नदी के झरने में युवक डूब गया। यह घटना शनिवार को हुई, जब रावतभाटा निवासी 20 साल का कासिम अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। कासिम बेटा इम्तियाज हुसैन रावतभाटा निवासी, झरने में नहा रहा था। नहाते समय वह अचानक बैलेंस बिगड़ गया। और डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो पाए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। कासिम के परिजन भी खबर मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। भैंसरोडगढ़ पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू करवाया। ग्रामीणों और पुलिस ने झरने के आसपास और पानी में युवक की तलाश की। राहत और बचाव दल ने भी तलाश के प्रयास किए। हालांकि, शाम होने और अंधेरा छा जाने के कारण तलाश अभियान में दिक्कत आई। देर शाम तक कासिम का पता नहीं चल सका। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए। परिजन कासिम के सकुशल मिलने की उम्मीद में मौके पर डटे रहे। पुलिस और राहत दल युवक की तलाश के लिए जरूरी प्रयास कर रहे हैं।