जिले में पहली बार आयोजित हो रही अंडर-17 राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रदेश के 41 जिलों की 48 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरी हैं। शनिवार को लीग चरण के मुकाबलों की समाप्ति के साथ ही प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। रविवार से अंतिम आठ टीमों के बीच सुपर लीग के मुकाबले शुरू होंगे। तीसरे दिन हुए मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार हॉकी, शानदार पासिंग, बेहतरीन ड्रिब्लिंग और गोल के लिए आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के जोश और जज्बे ने मैदान पर रोमांच बढ़ा दिया। मुकाबले देखने पहुंचे खेलप्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता संयोजक कमलेश सिंगोदिया ने बताया कि लीग चरण के मुकाबले पूरे होने के बाद श्रीगंगानगर, हॉकी एकेडमी जयपुर, शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर, हनुमानगढ़, अलवर, नागौर, टोंक और भीलवाड़ा की टीमों ने अंतिम आठ में जगह बनाई है। अब इन टीमों के बीच सुपर लीग में खिताब के लिए कड़ी टक्कर होगी। इस प्रतियोगिता में 702 खिलाड़ियों ने भाग लिया। रविवार से शुरू होने वाले सुपर लीग के मुकाबले सआदत पैवेलियन ग्राउंड के मैदान नंबर 3 एवं 4 पर खेले जाएंगे। अंतिम आठ में पहुंची सभी टीमें खिताब की दावेदारी को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगी। प्रतियोगिता के निर्णायक दौर में खिलाड़ियों के बीच होने वाली कड़ी टक्कर से हॉकी प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।