विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर शुक्रवार को आर.के जिला चिकित्सालय में कार्यक्रम हुआ। मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता माह में हुई गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ लालचंद बैरवा ने माहभर चली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्र-छात्राओं को सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। तनाव प्रबंधन के उपाय बताए। जरूरतमंद लोगों को भावनात्मक सहयोग देने की बात कही। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या होने पर तुरंत विशेषज्ञ से मदद लेने के लिए कहा। डॉ बैरवा ने मानसिक बीमारियों के लक्षण और इलाज पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा संस्थानों में ऐसे मरीजों के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। सीएमएचओ डॉ हेमन्त बिन्दल ने सभी स्कूलों, कॉलेजों, कर्मचारियों और आमजन से मोबाइल पर डिजिटल शपथ लिंक पर जाकर शपथ लेने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ हेमन्तकुमार बिन्दल और आर.के जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ रमेश रजक ने छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र बांटे।