सीकर में घर के बाहर बैठी महिला को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला का 4 साल का पोता और 9 महीने की पोती भी वहीं बैठे थे। उनको हल्की चोट आई है। घटना उद्योग नगर थाना इलाके में पिपराली चौराहे के पास धन्वंतरि हॉस्पिटल के नजदीक मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। टक्कर से घर की दीवार भी टूट गई। घटना के बाद ड्राइवर पिपराली चौराहे के पास ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ड्राइवर की तलाश कर रही है। बुधवार सुबह परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसके हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर करीब दो घंटे तक धरना दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया- पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। BNS की धारा 106 और 281 में केस दर्ज किया है। अब देखिए, घटना के CCTV फुटेज… पोते-पोती के साथ घर के बाहर बैठी थी महिला पिपराली चौराहे के पास रहने वाली बानो (45) पत्नी जब्बार मंगलवार रात चार साल के पोते कबीर और 9 महीने की पोती गुड़िया के साथ घर के बाहर चबूतरे पर बैठी हुई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में एक ट्रैक्टर बानो की तरफ आया और टक्कर मारते हुए दीवार तोड़ दी। परिजन बानो को एसके हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। कबीर और गुड़िया को हल्की चोट आई है। धरने पर बैठे थे परिजन परिजन बुधवार सुबह 10:30 बजे हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। उसके बाद दोपहर 12:15 बजे परिजनों ने धरना खत्म कर दिया। बानो के भतीजे साहिल ने कहा- हमारी प्रशासन से मांग है कि आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार करके उचित कार्रवाई की जाए। नवलगढ़ का रहने वाला है परिवार बानो का परिवार मूल रूप से नवलगढ़ (झुंझुनूं) का रहने वाला है। परिवार पिछले कई साल से सीकर में रहकर ड्राई-क्लीनर (लॉन्ड्री) का काम करता है। बानो का एक बेटा विदेश में रहता है। दूसरा बेटा सद्दाम सीकर में रहकर लॉन्ड्री चलाता है।