मोही | बढ़ते बाल अपराधों, अपहरण और यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम हुआ। ट्रांसफॉर्मिंग ट्यूजडे कार्यक्रम के तहत नांदोली स्थित सविता इंटरनेशनल स्कूल में इस शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड की प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट साक्षी शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना अभिभावकों या शिक्षकों को देने और विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने के तरीके बताए। कार्यक्रम का मुख्य मकसद विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। बाल अपराधों की गंभीरता, उनके कारणों और संभावित खतरों के बारे में विस्तार से बात की गई। विद्यार्थियों को यौन अपराधों से बचाव, व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच और बैड टच की समझ विकसित करने के बारे में बताया गया। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी तरह की परेशानी, डर या असुरक्षा महसूस होने पर चुप रहने के बजाय तुरंत किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति, अभिभावक या शिक्षक को इसकी जानकारी देनी चाहिए।