अलवर डाक विभाग सुकन्या समृद्धि योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाएगा। अधिक से अधिक लोग खाते खुलवाएं। इसके लिए जागरूक किया जाएगा। डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक मोहन सिंह मीणा ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना केंद्र सरकार की बचत योजना है। यह बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शुरू की गई है। इस योजना के तहत 10 साल तक की आयु की बेटियों के नाम खाता खुलवाया जा सकता है। 250 रुपए से खाता खुलता है। खाता खुलने की तारीख से 15 वर्ष तक राशि जमा करानी होती है। 21 वर्ष पूरे होने पर खाता बंद होता है। लड़की के विवाह के समय भी खाता बंद किया जा सकता है। जमा राशि पर 8.2 प्रतिशत ब्याज मिलता है। उन्होंने बताया कि अलवर डाक मंडल में 1 लाख 25 हजार 110 सुकन्या समृद्धि खाते खुले हुए हैं। इस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। पोस्टमैन घर-घर जाकर सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी वाले पंफलेट देंगे। लोगों को सुकन्या खाता खुलवाने के लिए प्रेरित करेंगे। सुकन्या समृद्धि योजना की विशेषताएं: 1. 10 साल तक आयु की लड़कियों के खाते खुलते हैं। 2. एक लड़की का एक ही खाता व न्यूनतम ‌ 250 से खुलता है। 3. एक वित्तीय वर्ष में 250 से 1.50 लाख रुपए तक जमा कराए जा सकते हैं। 4. लड़की की आयु 18 साल होने पर उच्च शिक्षा के लिए खाते में जमा रकम की 50 प्रतिशत राशि निकाली जा सकती है। 5. खाते में जमा राशि आयकर धारा 80सी के तहत आयकर से मुक्त है। 6. खाते को किसी शहर या गांव में ट्रांसफर किया जा सकता है।