प्रदेश में मेडिकल पीजी के एमडी-एमएस कोर्सेज में प्रवेश के लिए होने वाली स्टेट काउंसलिंग में भी स्लॉट टाइमिंग सिस्टम लागू होगा। इसके तहत अभ्यर्थियों को कॉलेज में जॉइनिंग के लिए आवंटन पत्र में ही निर्धारित समय दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को इसी समय पर पहुंचकर दस्तावेज सत्यापन कराना होगा। इससे कॉलेजों में एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से होने वाली भीड़ नियंत्रित होगी। दरअसल, दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचते हैं। वहीं, 2026-27 में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटें 32 बढ़ी हैं, जबकि निजी मेडिकल कॉलेजों में 300 सीटों का इजाफा हुआ है। स्टेट काउंसलिंग: नीट (यूजी-पीजी) की कोर कमेटी के चेयरमैन डॉ. एसएम शर्मा और नीट पीजी कमेटी की चेयरमैन डॉ. मोनिका जैन ने बताया कि एमडी-एमएस की 2436 सीटों पर स्टेट काउंसलिंग होगी। इनमें सरकारी मेडिकल कॉलेजों की 996 और निजी मेडिकल कॉलेजों की 1440 सीटें शामिल हैं।