पश्चिम बंगाल के हावड़ा के पास दास स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां एक ट्रैक पर तीन गाड़ियां आ गईं। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसे ट्रेन में बैठे यात्री ने बनाया। इसके मुताबिक, घटना दोपहर 3 बजे की है। आज की अन्य बड़ी खबरें… बंगाल में वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम टला, 23 नवंबर से शुरू होना था पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम टाल दिया गया है। यह काम 23 नवंबर से शुरू होना था। राज्य के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर (CEO) के ऑफिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। CEO ऑफिस ने बताया कि कुछ जरूरी वजहों से फिलहाल इस काम को टाल दिया गया है। अब यह कब शुरू होगा, इसकी नई तारीख बाद में बताई जाएगी। मणिपुर में मिलावटी शराब पीने से 3 दिन में 8 की मौत; पेट दर्द, सांस लेने में परेशानी और बेचैनी जैसे लक्षण थे मणिपुर के चंदेल जिले में मिलावटी शराब पीने से तीन दिन में 8 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को 5 लोगों, 19 नवंबर को 1 और शुक्रवार को 2 लोगों की मौत हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों ने शराब काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी थी। पुलिस ने लोगों को प्रभावित इलाकों में स्थानीय शराब या संदिग्ध जगहों से खरीदी गई शराब नहीं पीने की सलाह दी है। मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों में पेट में तेज दर्द, सांस लेने में परेशानी और बेचैनी जैसे लक्षण सामने आए थे। हालांकि, मौतों की सही वजह अभी मेडिकल रिपोर्ट में सामने नहीं आई है। जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की लिस्ट से हटाने पर सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट बोला- दावों की पुष्टि के लिए हलफनामा दें दिल्ली के जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने से जुड़ी याचिका पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने याचिकाकर्ता की लिखित दलीलों में शामिल तथ्यों पर सवाल उठाए। इस पर कोर्ट ने कहा कि जो भी दावे हैं, उनकी पुष्टि हलफनामे के जरिए होनी चाहिए, ताकि कोई व्यक्ति उनकी जिम्मेदारी ले सके। वरिष्ठ वकील मुक्ता गुप्ता ने कहा कि दलीलों में विवादित तथ्यों के बजाय कानूनी प्रावधानों और तर्कों का जिक्र है। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हलफनामे के बिना तथ्यात्मक दावों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। याचिकाकर्ता को जवाबी दलील दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय देते हुए सुनवाई टाल दी गई। चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति कानून पर सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े कानून को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। याचिका में 23 सितंबर के खंडित फैसले को वापस लेने की मांग की गई थी। इस मामले को पांच जजों की संविधान पीठ के पास भेजा गया था। CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने वकील प्रशांत भूषण की उस मांग को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने रिकॉल एप्लिकेशन को मूल दो जजों की बेंच के सामने सूचीबद्ध करने की अपील की थी। इससे पहले जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की दो सदस्यीय बेंच ने इस मामले में अलग-अलग राय दी थी। इसके बाद मामला पांच जजों की संविधान पीठ को भेजने का फैसला हुआ था। जयराम रमेश बोले- PM मोदी को एहसास हो गया है कि वे जल्द आउटगोइंग PM होंगे कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी का उद्योगपतियों पर हमला दिखाता है कि वे परेशान और निराश हैं। उन्हें जल्द ही प्रधानमंत्री पद छोड़ने का एहसास हो गया है, इसलिए वे अपनी सरकार की नीतियों की कमियों का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रहे हैं। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के 12 साल में महंगाई पर काबू नहीं पाया गया, रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं बने और निजी निवेश की रफ्तार धीमी रही। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार की नीतियों से छोटे कारोबार प्रभावित हुए हैं और आर्थिक ताकत कुछ बड़े उद्योगपतियों के हाथों में सिमट गई है। ये सभी कांग्रेस के आरोप हैं। प्रधानमंत्री ने FICCI कार्यक्रम में उद्योगपतियों को रोजगार और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने की सलाह दी थी। कावेरी पानी विवाद पर तमिलनाडु की सुप्रीम कोर्ट की 2 याचिकाएं खारिज, कनार्टक से 1 TMC पानी रोज छोड़ने की मांग की थी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कावेरी पानी विवाद से जुड़ी तमिलनाडु सरकार की दो अर्जियां खारिज कर दीं। राज्य ने कर्नाटक को करीब 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट (TMC) पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग की थी। जस्टिस विक्रम नाथ और अपरेश सिंह की बेंच ने कहा, “दो अर्जियां थीं। दोनों अर्जियां खारिज की जाती हैं।” तमिलनाडु ने इस साल पानी की कमी पूरी करने और खड़ी फसल बचाने के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ने की मांग की थी। राज्य ने कर्नाटक से 1 TMC पानी रोज छोड़ने को कहा था। तमिलनाडु ने इसे लेकर तीसरी याचिका दाखिल की है। विवाद की वजह यह है कि दोनों राज्य अपनी कृषि और पेयजल आवश्यकताओं के लिए कावेरी नदी पर निर्भर हैं, और मानसून की अनिश्चितता के कारण पानी की उपलब्धता कम होने पर दोनों राज्यों के बीच इसके वितरण को लेकर असहमति पैदा हो जाती है तमिलनाडु में 24 यात्रियों से भरी मिनी बस 100 फुट गहरी खाई में गिरी, 3 की मौत, 16 घायल तमिलनाडु के डिंडीगुल जिले में कोडईकनाल-पलानी पहाड़ी सड़क पर गुरुवार रात को सावरिकडू के पास 24 यात्रियों को ले जा रही एक 407 मिनी बस के 100 फुट गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए। सभी घायलों को डिंडीगुल में मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आगे के इलाज के लिए कोयंबटूर रेफर किया गया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 84 जजों का तबादला, NIA अदालत की पीठासीन अधिकारी बनीं कुसुम लता पंडिता जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की न्यायपालिका में बड़ा फेरबदल किया गया है। कुल 84 जजों का तबादला कर उन्हें अलग-अलग अदालतों, ट्रिब्यूनल और कानूनी सेवा प्राधिकरणों में नई जिम्मेदारी दी गई है। इनमें 30 जिला जज और 54 सिविल जज (सीनियर डिवीजन) शामिल हैं। कुसुम लता पंडिता को जम्मू की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अदालत का नया पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने प्रेम सागर की जगह ली है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल एमके शर्मा ने गुरुवार को तबादले और नियुक्तियों का आदेश जारी किया। इस फेरबदल के तहत अनंतनाग, बारामूला, भद्रवाह, कुलगाम, गांदरबल, शोपियां, किश्तवाड़ और कारगिल समेत कई जिलों में नए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हाईवे से अतिक्रमण हटाने के नाम पर तोड़फोड़ नहीं कर सकते सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध निर्माण हटाने के उसके पुराने आदेश को मनमानी तोड़फोड़ का आधार नहीं बनाया जा सकता। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने प्रभावित संपत्ति मालिकों को संबंधित हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि संपत्तियों के स्वामित्व और अतिक्रमण की वैधता की जांच संबंधित राज्यों के हाई कोर्ट स्वतंत्र रूप से करेंगे।