पुरानी गिन्नाणी में राधाकिशन तंवर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के लिए चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (सीसीआई) के नेतृत्व में परिजनों ने आईजी-एसपी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष घटना की गंभीरता को रखते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान में दर्ज धाराएं मामले के अनुरूप नहीं हैं। मामले में कठोर धाराएं जोड़कर सभी नामजद आरोपियों को सलाखों के पीछे डाला जाए। इसके लिए एसपी ने मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कदम उठाने का भरोसा दिलाया। वहीं, रेंज आईजी ने निष्पक्ष अनुसंधान कराने का आश्वासन दिया। सीसीआई अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने कहा है कि दो दिनों में पुलिस की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो धरना दिया जाएगा। इस दौरान सीसीआई सचिव विजय पंवार, भगवति राम पांडे, मोनिका तंवर, सरोज गहलोत, अलका पंवार, कविता पंवार, लक्की, अजय सोलंकी, राजेंद्र भाटी, बंसी भाटी और बाबूलाल भाटी सहित अनेक व्यापारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।