चूरू के तारानगर-सरदारशहर सड़क मार्ग स्थित श्री हरी आयरन उद्योग की हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। हादसे में फैक्ट्री में रखा करोड़ों रुपए का तैयार और कच्चा माल, मशीनरी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की तेज गर्मी से फैक्ट्री की बिल्डिंग भी ध्वस्त हो गई। सुबह करीब 7 बजे फैक्ट्री से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं तेजी से फैल गया और आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। गार्ड ने देखा धुआं, मालिक को दी सूचना फैक्ट्री मालिक विनोद जांगिड़ ने बताया कि फैक्ट्री में सुबह 8 बजे काम शुरू होता है। इससे पहले करीब 7 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। फैक्ट्री में मौजूद गार्ड ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ने पर उसने फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को घटना की जानकारी दी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के शहरों से दमकल वाहनों को बुलाया गया। 7 शहरों से पहुंचीं दमकलें आग पर काबू पाने के लिए तारानगर, सरदारशहर, रतनगढ़, राजगढ़, चूरू, नोहर और भादरा से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया। करीब ढाई से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक फैक्ट्री में रखा तैयार और कच्चा माल तथा मशीनरी बुरी तरह जल चुकी थी। बेड, सोफा और डायनिंग टेबल सहित सामान राख आग में फैक्ट्री में तैयार किए गए बेड, सोफा सेट, डायनिंग टेबल सहित अन्य तैयार माल जलकर राख हो गया। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी आग की चपेट में आ गया। आग से फैक्ट्री की बिल्डिंग को भी भारी नुकसान हुआ और वह ध्वस्त हो गई। मालिक के अनुसार आग से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। एसडीएम-डीएसपी समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे घटना की सूचना पर एसडीएम प्रियंका कड़ेला, डीएसपी रोहित सांखला, पालिका के कार्यकारी अधिकारी अजय प्रताप सिंह और तारानगर थानाधिकारी पुष्पेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। पालिकाध्यक्ष हरि इंदोरिया और भाजपा नेता राकेश जांगिड़ भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। आग के कारणों की जांच जारी प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस और प्रशासन आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। वहीं, फैक्ट्री में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन भी किया जा रहा है।