चूरू के तारानगर में साहवा सर्किल पर सोमवार देर रात रोडवेज बस पर 3-4 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। युवकों ने बस के शीशे तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि विवाद बस के केबिन में बैठने की बात को लेकर शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने बस को निशाना बना लिया। लाठी-डंडों से बस पर बरसाए वार विवाद के दौरान युवकों ने लाठी-डंडों से रोडवेज बस पर हमला किया और उसके शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए इस हमले से साहवा सर्किल पर मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया। घटना के दौरान युवकों की हरकतें वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही तारानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त रोडवेज बस को थाने के सामने खड़ा करवाया। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमला करने वाले युवकों की पहचान में जुटी है। साथ ही विवाद के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।