चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश और मेघालय में SSR की तारीखें बढ़ाने का फैसला किया है। यह निर्णय बुधवार को नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में हुई आयोग की बैठक में लिया गया। आंध्र प्रदेश में अब फाइनल डेट 16 अक्टूबर और मेघालय में 26 अक्टूबर कर दी गई है। बैठक शाम 4:30 बजे हुई। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू तथा डॉ. विवेक जोशी शामिल हुए। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली कोर्ट लालू यादव के खिलाफ नए सिरे से दलीलें सुनेगी, नौकरी के बदले जमीन लेने का मामला दिल्ली कोर्ट रेलवे में नौकरी के बदले जमीन लेने से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राजद नेता लालू प्रसाद यादव और अन्य के खिलाफ आरोपों पर नए सिरे से दलीलें सुनेगी। स्पेशल जज प्रशांत कुमार ने बुधवार को कहा, "प्रवर्तन निदेशालय (ED) के वकील ने आरोप के बिंदु पर नई दलीलें पेश करने के लिए कुछ समय मांगा है। मामले को आगे सुनवाई 14 अक्टूबर को होगी। इससे पहले, स्पेशल जज विशाल गोगने ने आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। ED ने इस साल 16 मार्च को आरोप पर अपनी दलीलें पूरी कर ली थीं। दिल्ली दंगा केस- हाईकोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत अपील खारिज की दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका खारिज कर दी। जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस दिनेश भट्ट की बेंच ने कड़कड़डूमा कोर्ट के 4 जुलाई के आदेश के खिलाफ दोनों की अपील खारिज कर दी। ट्रायल कोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी। यह मामला नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) की पृष्ठभूमि में फरवरी 2020 में हुए दंगों की साजिश से जुड़ा है। बीरभूम जिले में टीएमसी नेता अनुव्रत मंडल के ऑफिस में तोड़फोड़, नेता की कॉलर पकड़ी बीरभूम जिले में ऋतुव्रत ग्रुप के टीएमस के नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष अनुव्रत मंडल के जिला ऑफिस बुधवार को कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। कभी ममता बनर्जी के कभी चहेते रहे अनुव्रत ऑफिस में बैठे थे। इसी दौरान शाम को कुछ युवक लाठियां लेकर उनके ऑफिस में घुसे। युवकों ने उनकी कॉलर पकड़ी और धमकाते हुए कुर्सी-मेज से लेकर एयर कंडीशनर तक सब कुछ तोड़ दिया। इस दौरान नेता के चेहरे पर मेज का कांच भी लग गया। तोड़फोड़ के दौरान युवक चिल्लाकर कहने लगे इसने पिछले 15 सालों में बीरभूम के लोगों को बहुत परेशान किया है। लड़कों ‘गाय चोर’ के नारे भी लगाए। गुजरात के आणंद में बस-ट्रक की टक्कर, 5 लोगों की मौत; 5 घायल गुजरात के आणंद जिले में बुधवार सुबह अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्राइवेट बस ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान दोनों गाड़ी की टक्कर हो गई। बस में 30 से 40 यात्री सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आग लगी, 8 घर और गौशालाएं जलीं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मुंगली गांव में आधी रात एक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के घरों तक फैल गई। हादसे में 8 घर और कुछ गौशालाएं जल गईं। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। वारवान में फायर स्टेशन नहीं होने के कारण अनंतनाग के कोकरनाग से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब सुबह 4 बजे आग पर काबू पाया गया। हादसे में कुछ मवेशियों के मरने की भी सूचना है। आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। ठाणे में शिवसेना यूबीटी के स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना यूबीअी नेता प्रदीप पूर्णेकर पर दो गोलियां चलाईं और उनके साथ मारपीट भी की। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पार्टी के एक नेता के मुताबिक, पूर्णेकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) में ठाणे विभाग प्रमुख थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से फोरेंसिक सबूत जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों और मुख्य सड़कों के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। दिल्ली हाईकोर्ट बोला- अवैध हिरासत से रिहाई के बाद सीधे री-अरेस्ट नहीं कर सकते दिल्ली हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अवैध हिरासत के आधार पर रिहा किए गए आरोपी को जांच एजेंसी सीधे दोबारा गिरफ्तार नहीं कर सकती। री-अरेस्ट से पहले संबंधित अदालत और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी की मंजूरी जरूरी है। जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस अरुण भारद्वाज की पीठ ने पॉक्सो मामले में आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी को गैर-कानूनी ठहराते हुए तत्काल रिहाई का आदेश दिया। आरोपी को 20 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उसे रिहा करने का निर्देश दिया था। गिरफ्तारी के कारणों में तारीख और समय के साथ घटना का विवरण नहीं दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने 21 अगस्त को एफआईआर में पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़कर उसे फिर गिरफ्तार कर लिया। सत्र अदालत ने 2 दिन की पुलिस हिरासत भी दी। आरोपी ने अनुच्छेद 22 के तहत मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का हवाला देते हुए री-अरेस्ट को चुनौती दी।