टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले आरोपी मुंबई में बड़ा कांड करने पहुंचे थे। मुंबई क्राइम ब्रांच और कोटा पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उनके निशाने पर अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान समेत कई बड़े स्टार्स थे। आरोपियों (रिहान, रितिक और फूल सिंह) ने इन अभिनेताओं के घरों की रेकी की और वीडियो अनिल पंडित को शेयर किए थे। वहां कड़ी सुरक्षा देखकर प्लान बदला और कम सुरक्षा वाले चर्चित स्टार की तलाश शुरू की। इसी आधार पर उन्होंने टाइगर को टारगेट चुना, क्योंकि वह हर रविवार शाम फुटबॉल खेलने आते हैं। उनके साथ ड्राइवर ही रहता है। 7 दिन की रेकी के बाद रविवार को आरोपी वहां पहुंच गए और टाइगर की कार पर फायरिंग कर दी। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपियों ने कई चौंकाने वाली जानकारियां दी हैं। ये जानकारियां मुंबई क्राइम ब्रांच को दे दी गई हैं। अब वही आगे पड़ताल करेगी। ट्रेन से हथियार पहुंचाए, 4 लोग गिरफ्तार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के लिए शूटरों तक हथियार पहुंचाने के आरोप में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें सोनीपत के कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबिता (23) शामिल हैं। राधा और बबिता ट्रेन से हथियार लेकर मुंबई गईं और लॉरेंस गैंग के हैंडलर को सौंपकर लौट रही थीं। मुंबई पुलिस को इनका 3 दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला है। बड़े स्टार पर हमला करने का आदेश था कोटा पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जब उन्हें एक महीने पहले मुंबई भेजा गया, तब लॉरेंस गैंग के गुर्गे अनिल पंडित ने किसी बड़े बॉलीवुड स्टार को टारगेट करने के लिए कहा था। पहले बिग बी (अमिताभ), आमिर और सलमान को टारगेट बनाया। सोचा बॉस खुश होगा। वे रोज इनके घरों के बाहर से गुजरते। लेकिन, वहां सुरक्षा घेरा देखकर प्लान छोड़ दिया। ‘चौथा’ साथी भी था, पर डरकर भाग गया: आरोपियों ने गूगल से टाइगर की डिटेल निकाली और तय किया कि सेल्फी के बहाने उनकी कार के पास जाएंगे और फायरिंग करेंगे। लेकिन रविवार को पार्क के बाहर भीड़ थी, इसलिए आरोपियों ने गोली चलानी शुरू कर दी। उनके साथ एक चौथा युवक भी था, लेकिन हमले से एक रात पहले सिगरेट के बहाने भाग गया। हरियाणा और पंजाब में भी हत्या की सुपारी में ले चुका है रेहान टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाला रेहान सोनीपत का है। 10वीं के बाद वह घर छोड़कर वेल्डिंग का काम करने गुरुग्राम पहुंच गया। इसी दौरान एक दोस्त के जरिए विदेश में बैठे हरियाणा के गैंगस्टर अनिल पंडित से संपर्क हुआ। अनिल ने विदेश में सेटल करने का झांसा देकर गैंग में शामिल कर लिया। रेहान ने गांव के दोस्त फूल सिंह को भी गैंग से जोड़ लिया। इसके बाद अनिल पंडित ने एक व्यापारी पर हमला करने के लिए रेहान के पास हथियार भिजवाए थे, लेकिन उससे पहले पुलिस ने पकड़ लिया। जमानत के बाद रेहान को फिर लुधियाना में मोमबत्ती व्यापारी पर हमला करने को भेजा। लेकिन ऐनवक्त पर पिस्टल जाम हो गई। गैंग ने व्यापारी से रंगदारी मांग रखी थी।