राज्यावास | कस्बे के समीवर्ती ग्राम पंचायत पीपली डोडियान के तहत डुडीया इलाके की भील बस्ती में पिछले तीन महीने से मुख्य रोड लाइट बंद पड़ी है। इसके कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीण बंटी शर्मा ने बताया कि मुख्य सड़क की लाइट लंबे समय से खराब है। इसे ठीक कराने के लिए ग्राम विकास अधिकारी को कई बार फोन किया गया, लेकिन केवल आश्वासन मिला। रात में अंधेरा रहने से बस्ती में जंगली जानवरों का डर रहता है और चोरी की आशंका से सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। सचिव को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान न होने पर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन देकर प्रदर्शन किया जाएगा।