ग्राम हाडीकला में सोमवार को नए कब्रिस्तान के पास एक शव मिला। मृतक की पहचान भवानी शंकर गोस्वामी 70 पुत्र ओंकार दास निवासी अराई के रूप में हुई। बरोनी थाना अधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि भवानी शंकर गोस्वामी अपने रिश्तेदार के यहां ढिकोलिया आए हुए थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि वे रास्ते में कहीं उतर गए थे। इसके बाद उनका शव हाडीकला के नए कब्रिस्तान के पास मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बरोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। शव को कब्जे में लिया। सआदत अस्पताल टोंक की मोर्चरी में रखवाया। पहचान के प्रयास शुरू किए। थाना अधिकारी ने बताया कि टोल कार्मिकों से जानकारी ली गई। टोल कार्मिकों ने बताया कि रविवार शाम को उन्होंने उक्त व्यक्ति से पूछा था कि कहां के रहने वाले हो। व्यक्ति ने खुद को अराई का निवासी बताया था। इसके बाद पुलिस ने अराई थाना में फोटो भेजा। फोटो से पहचान करवाई। मृतक के परिजनों ने फोटो देखकर भवानी शंकर गोस्वामी की पहचान की। सूचना पर परिजन सआदत अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। शव की पहचान की। बरौनी थाना अधिकारी ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से भी सही नहीं था। वह शराब का सेवन भी करता था। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। शव परिजनों के सुपुर्द किया।