गवर्नमेंट मिडिल स्कूल पूनिया देवरी में सोमवार को मिड-डे मील खाने के बाद 31 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त, घबराहट और सिर-पेट दर्द की शिकायत के बाद हड़कंप मच गया। परिजन और स्कूल स्टाफ बच्चों को निजी और मेडिकल कॉलेज ले गए। 11 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, 20 बच्चों को भर्ती कर लिया गया। बच्चों का कहना है कि कद्दू की सब्जी में बदबू आ रही थी। खाद्य विभाग ने मिड डे मील और पानी के सैंपल लिए हैं।संस्था प्रधान चंद्रप्रकाश मीणा ने बताया कि सुबह 10 बजे केबलनगर अन्नपूर्णा सहकारी समिति से मिड-डे मील बनकर आया था। स्कूल के 110 छात्र-छात्राओं ने मिड डे मील में कद्दू की सब्जी, दाल और चपाती खाई थी। दोपहर करीब 12:30 बजे के बाद छात्र-छात्राओं को उल्टी, सिरदर्द और घबराहट होने लगी। इस घटनाक्रम के बाद डीईओ (प्रारंभिक मुख्यालय) रूपसिंह मीणा सहित अन्य शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि यह पता किया जा रहा है कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने का कारण भोजन था या कोई और। कक्षा एक से आठ तक के इस स्कूल में 130 बच्चों का नामांकन है। इसके बावजूद यहां पेयजल की व्यवस्था नहीं है। पड़ोसी के बोरवेल से पाइप लगाकर स्कूल की टंकी को भरा जाता है और बच्चे यही बोरवेल का पानी पीते हैं।